सकतपुर में पिता ने पांच वर्षीय पुत्र की गला रेतकर की हत्या, पत्नी पर किया जानलेवा हमला
दरभंगा, 28 नवंबर (हि.स.)। जिले के सकतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नारायझणपुर श्रीरामपुर पंचायत के दरगाह टोल में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां अरुण चौपाल ने अपने ही करीब पांच वर्षीय पुत्र आर्यन की गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद घर पहुंची पत्नी पर भी धारदार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। महिला को इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच) में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही सकतपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीपीओ बासुकी नाथ झा भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
जानकारी के अनुसार, पुत्र की हत्या और पत्नी पर हमले के बाद आरोपी ने खुद को भी नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया। उसे भी इलाज के लिए डीएमसीएच में भर्ती कराया गया है।
घटना के कारणों को लेकर एसडीपीओ बासुकी नाथ झा ने कहा कि आखिर एक पिता ने अपने ही पांच वर्षीय पुत्र की हत्या क्यों की, इसकी तह तक जाना जरूरी है। पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच करेगी और घटना के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच के बाद ही हत्या के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
पुलिस ने मृत बालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की है। वहीं, आरोपित और उसकी पत्नी का डीएमसीएच में उपचार चल रहा है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही पारिवारिक परिस्थितियों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

