home page

झांसी में बेटे की हत्या के बाद पिता ने फांसी लगाकर दी जान

 | 
झांसी में बेटे की हत्या के बाद पिता ने फांसी लगाकर दी जान


झांसी, 25 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में झांसी जिले के रक्सा थाना क्षेत्र में एक पिता ने अपने ही मासूम बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी। उसके बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पत्नी की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी।

रक्सा थाना क्षेत्र के ग्राम ढीमरपुरा निवासी प्रेम सिंह अपने परिवार के साथ रहता था। शुक्रवार रात परिवार के अधिकांश सदस्य घर के बाहर सो रहे थे। देर रात करीब तीन बजे प्रेम सिंह की पत्नी को किसी प्रकार की आहट महसूस हुई। संदेह होने पर उसने कमरे के जंगले से अंदर झांककर देखा तो उसके होश उड़ गए। अंदर उसका पति प्रेम सिंह फांसी के फंदे पर लटका हुआ दिखाई दिया। घटना की सूचना तुरंत डायल 112 पर दी गई।

सीओ सदर रामवीर सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम, रक्सा थाना प्रभारी निरीक्षक और फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने किसी तरह कमरे का दरवाजा खोलकर अंदर प्रवेश किया। देखा कि प्रेम सिंह का शव फंदे से लटका हुआ था, जबकि उसका तीन वर्षीय मासूम बेटा खून से सना हुआ जमीन पर मृत अवस्था में पड़ा था।

पुलिस ने मौके का मुआयना कर दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्रेम सिंह ने पहले अपने बेटे की चाकू से वार कर हत्या की और फिर खुद फांसी लगाकर जान दे दी।

सीओ ने बताया कि इस खौफनाक कदम के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। मामले की गहन जांच की जा रही है और पारिवारिक परिस्थितियों समेत सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया