राजगढ़ः थाने में शिकायत से नाराज ससुर ने बहू पर कुल्हाड़ी से किया हमला, सिर में गंभीर चोट
राजगढ़, 24 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के शहर ब्यावरा थाना क्षेत्र में सुठालिया रोड पर गुरुवार शाम पारिवारिक विवाद के चलते एक महिला पर उसके ससुर ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। महिला के सिर में गंभीर चोट आई है। परिजन उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर राजगढ़ रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार पुनीत टॉकीज के पास रहने वाली बबीता (34) पत्नी सुमित राठौर ने बताया कि ससुर ग्यारसीराम राठौर से करीब एक साल से पारिवारिक विवाद चल रहा है। कुछ दिन पहले ससुर ने महिला और उसके भाई के खिलाफ सिटी थाने में शिकायत की थी। इसके बाद बबीता ने भी ससुर के खिलाफ थाने में आवेदन दिया था।
बबीता के अनुसार दोपहर के समय वह सिटी थाने में शिकायत करने गई थी। इसी बात को लेकर ससुर ने उसके साथ गाली-गलौज की। विरोध करने पर उसने कुल्हाड़ी से सिर पर हमला कर दिया। हमले में सिर पर गहरी चोट आई और पांच से अधिक टांके लगाए गए हैं। महिला के मायके पक्ष के लोगों ने आरोप लगाया कि ससुर और बहू के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। कई बार समझाइश के बाद भी विवाद खत्म नहीं हुआ और शिकायत के बाद बबीता पर हमला किया गया। सिटी थाना प्रभारी शिवराज सिंह चैहान ने बताया कि ससुर और बहू दोनों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दी है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

