home page

पत्नी को वापस लाने के लिए बेटे के अपहरण की रची झूठी साजिश, पिता समेत चार गिरफ्तार

 | 
पत्नी को वापस लाने के लिए बेटे के अपहरण की रची झूठी साजिश, पिता समेत चार गिरफ्तार


जयपुर, 18 अक्टूबर (हि.स.)। शिवदासपुरा थाना पुलिस ने बच्चे के अपहरण की झूठी साजिश का पर्दाफाश करते हुए पिता समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि पत्नी को वापस लाने और उसके साथ गए पड़ोसी व उसके परिजनों पर दबाव बनाने के लिए बच्चे के पिता कालूराम मीणा ने अपने भाई और अन्य लोगों के साथ मिलकर बेटे के अपहरण की साजिश रची थी। पुलिस ने बच्चे को सकुशल दस्तयाब कर लिया है।

जयपुर दक्षिण के पुलिस उपायुक्त राजर्षि राज ने बताया कि 16 अक्टूबर को शिवदासपुरा थाने में बच्चे के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि उसका बेटा पानी लेने आरओ प्लांट गया था। इसी दौरान रास्ते में दो नकाबपोश बाइक सवार उसे अपहरण कर ले गए। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए शिवदासपुरा थानाधिकारी राजेश गौतम के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी सहायता और मुखबिर तंत्र के आधार पर कार्रवाई करते हुए बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि कालूराम मीणा की पत्नी करीब तीन महीने पहले उसके पड़ोसी मित्र राकेश मीणा के साथ चली गई थी। आरोप है कि वह जाते समय संपत्ति से जुड़े दस्तावेज भी अपने साथ ले गई थी। पत्नी को वापस लाने के प्रयास सफल नहीं होने पर कालूराम और उसके भाई मुकेश मीणा ने राकेश तथा उसके परिजनों पर दबाव बनाने की योजना बनाई। इसके लिए कालूराम ने अपनी दुकान के कर्मचारियों धोलू मीणा और अंगद मीणा के साथ मिलकर अपने ही बेटे के अपहरण की साजिश रची और घटना को अंजाम दिया।शिवदासपुरा थानाधिकारी राजेश गौतम ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने कालूराम मीणा (27) निवासी शिवदासपुरा, मन्नाराम (42) निवासी कोटखावदा, रोहित मीणा (18) निवासी पार्श्वनाथ बीलवा और अंगद मीणा (22) निवासी बाटोदा जिला सवाई माधोपुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार कालूराम बच्चे का पिता और साजिश का मुख्य आरोपी है। उसके खिलाफ शिवदासपुरा थाने में वर्ष 2025 और 2026 में भी मामले दर्ज हैं। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर मामले में आगे अनुसंधान कर रही है

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश