home page

पहले पिता ने लगाई थी फांसी, अब जवान बेटे ने भी दी जान

 | 

विवाद के बाद मायके चली गई थी पत्नी; करवाचौथ से पहले पंचायत के बाद लौटी थी घर

बांदा, 01 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में बचपन में पिता को फांसी के फंदे पर लटका देख चुके बेटे ने भी रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर जान दे दी। जवान बेटे की मौत से मां के बुढ़ापे का सहारा छिन गया। परिवार पहले ही पिता और छोटे बेटे को खो चुका था। अब तीसरे सदस्य की असमय मौत से घर में मातम पसरा है। घटना के बाद मां सदाप्यारी का रो-रोकर बुरा हाल है।

पैलानी थाना क्षेत्र के पचगौरी गांव निवासी रोहित उर्फ गोरेलाल अनुरागी (30) पुत्र लक्ष्मण मजदूरी करने के साथ वाहन चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। करीब डेढ़ साल पहले उसकी शादी चिल्ला थाना क्षेत्र के दिघवट गांव निवासी अंजली के साथ हुई थी। परिजनों के मुताबिक, कुछ समय पहले पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया था। इसके बाद पत्नी नाराज होकर मायके चली गई थी। रिश्तेदारों की पंचायत के बाद करवाचौथ से पहले पत्नी वापस ससुराल लौट आई थी।

रविवार को रोहित ने घर के कमरे में रस्सी से फंदा लगा लिया। घटना के समय उसकी मां सदाप्यारी भैंस चराने गई हुई थी। जानकारी मिलने पर परिवार में चीख-पुकार मच गई। चाचा जयराम ने आनन-फानन रोहित को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसपुरा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पहले पिता और छोटे भाई को खो चुका था परिवार

रोहित के परिवार की कहानी पहले से ही दुखों से भरी रही है। जब वह छोटा था, तभी उसके पिता लक्ष्मण ने फांसी लगाकर जान दे दी थी। इसके बाद मां सदाप्यारी ने अकेले ही परिवार की जिम्मेदारी संभाली और बेटे को पाल-पोसकर बड़ा किया। रोहित का एक छोटा भाई भी कई साल पहले बीमारी के चलते चल बसा था। परिवार में एक बहन सरिता है, जिसकी शादी हो चुकी है। रोहित की भी अभी कोई संतान नहीं थी। ऐसे में मां के बुढ़ापे का एकमात्र सहारा रोहित ही था। उसकी मौत से मां फिर अकेली रह गई।

बेटे की मौत से मां का रो-रोकर बुरा हाल

जिस बेटे के सहारे मां ने आगे की जिंदगी गुजारने का सपना देखा था, उसकी मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। घर में चीख-पुकार के बीच गांव के लोग भी शोक जताने पहुंच गए। थाना प्रभारी राम मोहन राय ने बताया कि सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह