पांच वर्षीय बेटे को पिता ने पीट-पीटकर मारा
नोएडा, 30 अगस्त (हि.स.)। थाना फेस थ्री क्षेत्र के गढ़ी चौखंडी गांव में रहने वाले एक पिता ने अपने 5 वर्षीय बच्चे की पीटकर हत्या कर दी। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रहे हैं। आरोपी फरार है।
थाना फेस- थ्री के थाना प्रभारी सुभाष चंद्र ने बताया कि विकास अपनी पत्नी के साथ ग्राम गढ़ी चौखंडी में रहता है। उसने रविवार को अपने पांच वर्षीय बेटे आकाश को जमकर पीटा। इस घटना मे उसे गंभीर चोट आई। उसको उपचार के लिए एसआरएस अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बच्चों की मां ने अपने पति विकास के खिलाफ हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज करवाया है। उन्होंने बताया कि आरोपी फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि पति-पत्नी में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। उसके बाद आरोपित पिता ने बच्चे की जमकर पिटाई कर दी। वही, आस पड़ोस के लोगों का कहना है कि आरोपित को शक था कि बच्चा उसका नहीं है। इस बात को लेकर हमेशा विवाद रहता था। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

