रायपुर में दिल दहला देने वाली घटना: 6 माह की बच्ची को जमीन पर पटकने वाला पिता गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
रायपुर, 20 अक्टूबर (हि. स.)। राजधानी रायपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां आपसी विवाद के दौरान छह माह की मासूम बच्ची को कथित तौर पर जमीन पर पटककर घायल करने के मामले में उसके पिता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
सरस्वती नगर थाना पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तारी के एक घंटे के भीतर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। घायल बच्ची का इलाज रायपुर स्थित एम्स में जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 14 अक्टूबर 2026 की रात करीब 1 बजे की है। आरोप है कि, आशीष कांवरिया ने आपसी लड़ाई-झगड़े के दौरान अपनी छह माह की बच्ची को दो बार जमीन पर पटक दिया। इससे बच्ची के सिर में अंदरूनी चोट आई और वह बेहोश हो गई। इसके बाद बच्ची को उपचार के लिए एम्स में भर्ती कराया गया।
मामले की सूचना मिलने पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके बाद सरस्वती नगर थाना में अपराध क्रमांक 237/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(2), 115(2) और 109 के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रायपुर पश्चिम के पुलिस उपायुक्त रॉबिन्सन गुरिया (भा.पु.से.) एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा के निर्देशन तथा सहायक पुलिस आयुक्त डॉ. मानसी नाना भाऊ साकोरे के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई।
थाना प्रभारी चेतन चंद्राकर के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपित की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित आशीष कांवरिया, पिता सुदर्शन कांवरिया, निवासी बीएसयूपी कॉलोनी, को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपित को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, घायल छह माह की बच्ची का एम्स में उपचार जारी है। मासूम के साथ हुई इस घटना ने लोगों को झकझोर दिया है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की विवेचना की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

