home page

कारखाने से 18 किलो चांदी चोरी में बाप-बेटे गिरफ्तार

 | 
कारखाने से 18 किलो चांदी चोरी में बाप-बेटे गिरफ्तार


कानपुर, 14 अक्टूबर (हि.स.)। चकेरी थाना क्षेत्र अंतर्गत सराफा कारोबारी के कारखाने से 18 किलो चांदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने बुधवार को दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। चोरी की चांदी बेचने की कोशिश के दौरान दोनों पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस ने उनके पास से चोरी की चांदी शत प्रतिशत बरामद की है।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अमेठी के मोहनगंज निवासी विकास यादव और उसके पिता बसंत लाल के रूप में हुई है। पूछताछ में विकास ने बताया कि दादी के कैंसर के इलाज के लिए उसने चार लाख रुपये का निजी कर्ज लिया था। कर्ज न चुका पाने और ब्याज बढ़ने के कारण उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

चकेरी के पोखरपुर में नौबस्ता निवासी सराफा कारोबारी नितिन टोपे का चांदी गलाने का कारखाना है। सोमवार तड़के करीब तीन बजे विकास पड़ोसी की दीवार से कारखाने की छत पर पहुंचा। जाल की टूटी सरिया में रस्सी बांधकर नीचे उतरा और नौ मिनट में 18 किलो चांदी का पाउडर लेकर फरार हो गया। चांदी की कीमत करीब 47 लाख रुपये है।

पुलिस ने करीब 350 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपितों तक पहुंच बनाई। पुलिस उपायुक्त पूर्वी सत्यजीत गुप्ता और एडीसीपी शिवा सिंह ने घटना का खुलासा किया।

विकास करीब छह महीने पहले कारखाने में काम करने आया था। उसका भाई पास की दाल मिल में काम करता था। चोरी के बाद विकास ने चांदी अपनी बुआ के घर छिपा दी और पिता को जानकारी दी। बसंत लाल ने अमेठी के शंकरगंज बाजार निवासी शिवलाल सोनी से संपर्क किया, जिसने रायबरेली के कारोबारी के यहां चांदी बिकवाने का भरोसा दिया।

दोनों बाप बेटे चांदी बेचने रायबरेली जा रहे थे। इसी दौरान रामादेवी रैंप से लखनऊ जाने वाले फ्लाईओवर पर दोनों गिरफ्तार कर लिए गए। शिवलाल की तलाश की जा रही है।

सराफा कारोबारी नितिन टोपे ने चोरी की जानकारी व्यापारियों के व्हाट्सएप समूह में साझा की थी। शिवलाल के रायबरेली के कारोबारी से संपर्क करने पर चोरी की चांदी का पता चला, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप