home page

अनूपपुर: बेटी को सिरिंज से जहर पिलाने का आरोपी पिता गिरफ्तार, पहुंचा जेल

 | 
अनूपपुर: बेटी को सिरिंज से जहर पिलाने का आरोपी पिता गिरफ्तार, पहुंचा जेल


अनूपपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के जैतहरी थाना क्षेत्र के गौरेला गांव के गोंड टोला में तीन साल की बच्ची की मौत के मामले में पुलिस ने पिता मोहित सिंह गोंड को गिरफ्तार कर पूछताछ के बाद गुरूवार को न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी के दौरान परिजनों ने पहले उसे बचाने की कोशिश की थी। आरोप है कि उसने कीटनाशक सिरिंज से बच्ची के मुंह में डाल दिया था। इलाज के दौरान बच्ची की मौत हो गई थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या की धारा 103(1) के तहत केस दर्ज किया है। जैतहरी थाना प्रभारी गोकुलानंद पाण्डेय ने बताया कि आरोपी की पत्नी सुशीला दीपावली से पहले मायके आई थी। मोहित चाहता था कि वह दीपावली पर ससुराल में रहे। वह अपने ससुर से भी नाराज था। पुलिस के अनुसार, शादी के बाद सुशीला मायके और ससुराल के बीच आती-जाती थी। ससुर उसे काम नहीं करने पर ताने देते थे और काम करने के लिए कहते थे। इसी वजह से उसने ससुराल में रहना छोड़ दिया था। पुलिस ने आरोपी के पास से जहर भरी सिरिंज जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में मोहित ने बताया कि वह घर-जमाई बनकर पत्नी के घर में रह रहा था। ससुर के काम करने के लिए कहने से वह नाराज था। सिरिंज में कीटनाशक भरकर पहले अपने ससुर को देने की योजना बनाई थी। घटना के दिन उसने अपनी तीन साल की बेटी का मुंह खोलकर सिरिंज से उसके मुंह में जहर डाल दिया। इसके बाद बच्ची बेहोश हो गई। परिजन उसे जैतहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय अनूपपुर रेफर किया गया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस प्रकरण दर्ज होने की बात सामने आने पर आरोपी ने भी जहर पी लिया था। गंभीर हालत में उसे चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था। इलाज के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला