फतेहपुर : महिला शिक्षक की संदिग्ध मौत, पुलिस शिक्षक पति को हिरासत में लेकर कर रही जांच
फतेहपुर, 08 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में सदर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत एक महिला शिक्षक की शनिवार को हत्या कर दी गई है। मायके वालों ने पति पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस पति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के नासेपीर मुहल्ले में पिछले छह महीने से किराए पर रह रहे दिलीप यादव पेशे से सरकारी शिक्षक हैं। उनकी पत्नी शालिनी यादव (28) एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ाती थीं। दोनों की शादी 2018 में हुई थी और उनका 8 साल का बेटा दर्शिक यादव है।शनिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि शिक्षिका शालिनी की मौत हो गई है। पति दिलीप ने पुलिस को बताया कि वह सुबह साढ़े पांच बजे टहलने गया था, जब साढ़े छह बजे लौटा तो पत्नी पानी के टब में मुंह के बल गिरी पड़ी थी। वह उसे तुरंत अस्पताल लेकर गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जब घटनास्थल का मुआयना किया तो मृतका के सिर और पैर में चोट के निशान मिले। पुलिस के मुताबिक, पानी में डूबने से महिला की मौत सही नहीं प्रतीत हो रही है। मृतका की साजिशन हत्या का मामला लग रहा है। सूचना पर सीओ सिटी प्रमोद कुमार शुक्ला और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य संकलित किये।
क्षेत्राधिकारी प्रमोद कुमार शुक्ला ने बताया कि प्रथम दृष्टया हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार

