यमुनानगर:तेज रफ्तार कार की टक्कर से युवक की मौत, साथी गंभीर घायल
यमुनानगर, 22 फ़रवरी (हि.स.)। यमुनानगर जिला के सढौरा-कालाआम मार्ग पर बीती रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में शादी समारोह में शामिल होने जा रहे एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार हादसा सढौरा क्षेत्र में गांव सादिकपुर के समीप हुआ। गांव शाहपुर निवासी पारस अपने पड़ोसी जसबीर सिंह के साथ मोटरसाइकिल से कालाआम में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होने जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तत्काल सढौरा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। वहां उपचार के दौरान पारस ने दम तोड़ दिया, जबकि जसबीर सिंह की हालत नाजुक होने पर उसे आगे इलाज के लिए जगाधरी अस्पताल रेफर किया गया।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि कार चालक लापरवाही और तेज गति से वाहन चला रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

