home page

यमुनानगर:सड़क हादसे में घायल युवक की उपचार के दौरान मौत, ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक पर मामला दर्ज

 | 

यमुनानगर, 24 फ़रवरी (हि.स.)यमुनानगर की कलानौर पुलिस चौकी क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है तथा शिकायत के आधार पर ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान सहारनपुर निवासी 35 वर्षीय रोहित गर्ग के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह इन दिनों जिरकपुर में अपने एक परिचित के पास रह रहा था। सोमवार रात वह एक्टिवा पर सवार होकर सहानपुर की ओर जा रहा था। उसके साथ एक परिचित महिला भी मौजूद थी।

बताया गया है कि जैसे ही वे मडोली मोड़ के समीप पहुंचे, सड़क किनारे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने अचानक दिशा बदल दी। इससे एक्टिवा असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई और रोहित को गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद रोहित की हालत गंभीर देखते हुए उसे चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।परिजन उसे उपचार के लिए लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मंगलवार सुबह अस्पताल से सूचना मिलने पर पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। चौकी प्रभारी राजीव ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया गया है तथा चालक की तलाश जारी है। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है और दोषी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार