home page

यमुनानगर: तेज रफ्तार कार की टक्कर से युवक की मौत, चालक फरार

 | 

यमुनानगर, 19 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में सहारनपुर निवासी युवक की जान चली गई। यह घटना उस समय हुई जब तीन भाई अपने काम से लौट रहे थे। तेज गति से आ रही एक कार ने आगे चल रहे युवक की मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान अमित कुमार (36) के रूप में हुई है, जो सहारनपुर का रहने वाला था।

पुलिस के अनुसार, अमित अपने भाइयों के साथ अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर मंडौली से जगाधरी की ओर जा रहा था। अमित सबसे आगे था, जबकि उसके दोनों भाई पीछे चल रहे थे। गांव दमोपरा कलां के निकट पहुंचने पर पीछे से आई एक सफेद कार ने पहले पीछे चल रहे भाई की बाइक को तेज गति से पार किया और फिर आगे चल रहे अमित की मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि अमित सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद चालक कुछ क्षण के लिए रुका, लेकिन आसपास लोगों को जुटता देख मौके से भाग निकला। घायल को तत्काल एंबुलेंस की सहायता से सिविल अस्पताल यमुनानगर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार