यमुनानगर:अस्पताल में पति का हाल जानने आई महिला की सड़क हादसे मौत
यमुनानगर, 27 फ़रवरी (हि.स.)। यमुनानगर में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। गंभीर रूप से बीमार पति का हालचाल जानने उत्तर प्रदेश से पहुंची महिला की अस्पताल के मुख्य द्वार के बाहर ही तेज रफ्तार कार की टक्कर से मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी राजकुमारी (49) के रूप में हुई है। वह दो बच्चों की मां थी। उसका बेटा यमुनानगर में रहता है, जबकि बेटी अपने पैतृक गांव में परिवार के साथ रह रही थी।
परिजनों ने शु्क्रवार काे बताया कि राजकुमारी के पति पंच नारायण टीबी से पीड़ित हैं और सांस संबंधी परेशानी बढ़ने पर उन्हें करीब एक सप्ताह पहले यमुनानगर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत बिगड़ने पर उन्हें आईसीयू में शिफ्ट किया गया। पति की गंभीर स्थिति की सूचना मिलने पर महिला अपने भाई के साथ शुक्रवार तड़के ट्रेन से शहर पहुंची। रेलवे स्टेशन से भांजे की बाइक पर सवार होकर तीनों सीधे अस्पताल जा रहे थे। जैसे ही वे अस्पताल गेट की ओर मुड़े, अग्रसेन चौक की दिशा से आई तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सभी सड़क पर गिर पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक वाहन रोकने के बजाय महिला को कुचलते हुए फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। महिला की हालत गंभीर होने पर उसे पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च चंडीगढ़ रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की शिकायत के आधार पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

