मरंगा चौक पर फास्टफूड दुकानदार को गोली मारी,मौत
पूर्णिया, 01 अगस्त (हि.स.)।
शहर के मरंगा थाना क्षेत्र स्थित मरंगा चौक पर शुक्रवार देर रात अपराधियों ने एक फास्ट फूड दुकानदार की गोली मारकर हत्या कर दी। भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं स्थानीय लोगों में घटना को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
मृतक की पहचान मरंगा थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-10 स्थित मुर्गी फॉर्म निवासी स्वर्गीय नरेश साह के पुत्र चंदन कुमार के रूप में की गई है। चंदन मरंगा चौक पर चाउमीन और अन्य फास्ट फूड बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।
प्रत्यक्षदर्शियों एवं परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात चंदन अपनी दुकान के समीप मौजूद था। इसी दौरान पहुंचे अपराधियों ने बेहद करीब से उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि चंदन को पांच गोलियां लगीं, जिनमें तीन गोलियां उसकी पीठ और दो गोलियां पेट में लगीं। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों तथा मरंगा थाना पुलिस की सहायता से घायल चंदन को उपचार के लिए मैक्स-7 अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
हत्या की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल तथा आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को जांच के लिए अपने कब्जे में लिया है। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की जा रही है।
मृतक के भाई कुंदन कुमार ने हत्या के पीछे पुरानी रंजिश होने का आरोप लगाया है। कुंदन के अनुसार, करीब एक वर्ष पूर्व उनकी भांजी को मंजय ऋषि नामक युवक कथित रूप से बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। इस संबंध में थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी और आरोपी को जेल भी भेजा गया था। उनका आरोप है कि इसके बाद से आरोपी पक्ष के लोग उनके परिवार को लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे थे।
कुंदन कुमार ने आरोप लगाया कि शुक्रवार रात आरोपियों ने साजिश के तहत फास्ट फूड दुकान के पास चंदन की गोली मारकर हत्या कर दी। हालांकि, पुलिस ने फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। पुरानी रंजिश, प्रेम प्रसंग और अन्य संभावित कारणों सहित सभी बिंदुओं पर मामले की पड़ताल की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नंदकिशोर सिंह

