home page

राजगढ़ःफर्जी मूवी ऐप डाउनलोड करते ही बैंक खाते से उड़े 50 हजार, केस दर्ज

 | 
राजगढ़ःफर्जी मूवी ऐप डाउनलोड करते ही बैंक खाते से उड़े 50 हजार, केस दर्ज


राजगढ़, 28 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा में एक कपड़ा व्यापारी के मोबाइल में संदिग्ध मूवी ऐप डाउनलोड करने के बाद उसके पंजाब नेशनल बैंक खाते से 50 हजार रुपये निकाल लिए गए। पुलिस ने मंगलवार को अज्ञात के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की।

पुलिस के अनुसार वार्ड क्रमांक-4 निवासी 60 वर्षीय सुनील लालवानी ने बताया कि वे कपड़ों का व्यापार करते हैं। उनके अनुसार 21 अप्रैल 2026 को मोबाइल पर दिखाई दिए न्यू हिंदी मूवीज नामक कुछ ऐप डाउनलोड किए थे। इसके बाद 25 जुलाई को अचानक उनका मोबाइल करीब 20 मिनट के लिए अपने आप बंद हो गया। मोबाइल दोबारा चालू होने पर बैंक खाते से 50 हजार रुपये निकलने का संदेश मिला। बैंक स्टेटमेंट की जांच करने पर कई संदिग्ध ट्रांजेक्शन के प्रयास भी सामने आए, हालांकि उनमें से अधिकांश असफल रहे।

फरियादी ने बैंक स्टेटमेंट और अन्य दस्तावेज पुलिस को सौंपकर अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि मोबाइल में डाउनलोड किए गए ऐप का खाते से हुई धोखाधड़ी से कोई संबंध है या नहीं। थाना प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान या संदिग्ध ऐप को डाउनलोड करने से बचें। ऐप इंस्टॉल करने से पहले उसके स्रोत और मांगी गई परमिशन की जांच अवश्य करें। बैंक खाते से जुड़े किसी भी संदिग्ध लेनदेन की जानकारी मिलते ही तुरंत बैंक और साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक