फर्रुखाबाद: खूनी संघर्ष के मामले में ग्राम प्रधान समेत पांच आरोपित गिरफ्तार
फर्रुखाबाद, 08 जुलाई( हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद में थाना मोहम्मदाबाद क्षेत्र में जमीनी कब्जे और वर्चस्व को लेकर खूनी संघर्ष करने वाले ग्राम प्रधान को नामजद साथियों के साथ पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रीश चंद्र ने बताया कि ग्राम मुडगांव के ग्राम प्रधान ने अपने पांच साथियों के साथ एक राय होकर ग्राम निसाई के प्रधान की कार में सवार लोगों पर लाठी, डंडा, लोहे की रॉड और ईंट-पत्थरों से हमला करने के बाद जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस दुस्साहसिक वारदात में निसाई के प्रधान पति सत्येन्द्र सिंह के सिर में गोली लग गई, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। वहीं बीच-बचाव करने आए उनके पुत्र अभय और दोस्त राहुल के पैर में भी गोली लगी हैं। जबकि मनोज नाम के युवक के सिर पर गंभीर चोट आई हैं। वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस ने वादी की तहरीर पर थाना मोहम्मदाबाद में मु०अ०सं० 228/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न गंभीर धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला पंजीकृत किया गया था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विवेचना के दौरान तत्परता दिखाई और घटना में शामिल पांचों नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रामनारायण पुत्र बाबू सिंह, मनीष पुत्र रामनारायण, अजीत पुत्र शिवनरेश सिंह, रामनरेश पुत्र बाबू सिंह और शिवनरेश पुत्र बाबू सिंह निवासीगण मुडगांव के रूप में हुई हैं।
पुलिस टीम ने आरोपितों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई 01 लाइसेंसी रिवॉल्वर (32 बोर), 04 खोखा कारतूस, 04 जिंदा कारतूस, 03 लकड़ी के डंडे और 01 लोहे का पाइप बरामद कर लिया है।
एएसपी ने बताया कि पुलिस की कड़ी पूछताछ में मुख्य आरोपित रामनारायण ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने बताया कि उसका निसाई के प्रधान पति सत्येन्द्र सिंह के साथ लंबे समय से जमीनी कब्जे और वर्चस्व को लेकर विवाद चल रहा है। 6 जुलाई को सत्येन्द्र सिंह अपने परिजनों व साथियों के साथ विवादित जमीन पर आए थे, जहां दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। इसी दौरान तैश में आकर रामनारायण ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से फायर कर दिए। पुलिस गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ ने बताया आगे कार्यवाही कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

