नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपित फारुख गिरफ्तार, गया जेल
मुरादाबाद, 23 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के थाना मैनाठेर क्षेत्र में नाबालिग लड़की के साथ कारखाने के एक कमरे में दुष्कर्म और फिर डरा धमका कर शारीरिक शोषण करने के आरोपित को गुरुवार को थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया। उसे न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे जिला कारागार भेज दिया गया।चार दिन पूर्व 19 जुलाई को पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित फारूख पुत्र मजीद निवासी असलत नगर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। पीड़ित पक्ष के अनुसार, नाबालिग पिछले 4-5 वर्षों से गांव में ही एक कारखाने में काम करती थी। आरोप है कि लगभग 6-7 माह पहले कारखाने के एक कमरे में आरोपित युवक फारुख ने उसके साथ दुष्कर्म किया। फिर धमका कर लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा। इसी दौरान नाबालिग गर्भवती हो गई। 19 जुलाई को पेट दर्द की शिकायत पर जब परिजन नाबालिग को डॉक्टर के पास ले गए तो जांच में उसके गर्भवती होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पीड़िता ने घर वालों को सारी असलियत बताई । थाना प्रभारी किरन पाल सिंह ने बताया कि आरोपित फारूख को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

