फर्रुखाबाद कलेक्ट्रेट में होमगार्ड से मारपीट के आरोप में भाकियू जिलाध्यक्ष साथियों के साथ गिरफ्तार
फर्रुखाबाद,23 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद में कलेक्ट्रेट के मेन गेट पर ड्यूटी कर रहे होमगार्ड से मारपीट करने का मामला प्रकाश में आया है। फतेहगढ़ थाना पुलिस ने आरोप के आधार पर मुकदमा दर्ज कर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के जिलाध्यक्ष सहित पांच लोगों को गुरुवार गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़ित होमगार्ड शिव पूजन ने कोतवाली फतेहगढ़ में दर्ज कराई रिपोर्ट के अनुसार, 22 जुलाई की शाम से 23 जुलाई की रात तक कलेक्ट्रेट के मेन गेट पर ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान भारतीय किसान यूनियन टिकैत से जुड़े पदाधिकारियों और करीब 50-60 समर्थकों के साथ पहुंचे।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि गेट खोलने से मना करने पर कुछ लोगों ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि इसके बाद लोग साइड गेट से कलेक्ट्रेट परिसर में दाखिल हो गए। रोकने का प्रयास करने पर होमगार्ड के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। इसके बाद समर्थकों ने एनआईसी गेट खुलवाकर वाहनों के साथ कलेक्ट्रेट परिसर में प्रवेश किया और धरना-प्रदर्शन व नारेबाजी की, जिससे शांति व्यवस्था प्रभावित हुई।
मामले में होमगार्ड की तहरीर पर अजय कटियार समेत कई लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने सहित संगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश चंद ने बताया कि फतेहगढ़ कोतवाली पुलिस ने उक्त मामले में भाकियू जिलाध्यक्ष अजय कटियार सहित उनके कई साथियों को गिरफ्तार किया था। जिन्हें मुचलके पर रिहा कर दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

