home page

महिला को लेकर हुए विवाद में किसान की हत्या, दोस्त निकला कातिल

 | 
महिला को लेकर हुए विवाद में किसान की हत्या, दोस्त निकला कातिल


कानपुर, 18 जुलाई (हि.स.)। महाराजपुर थाना क्षेत्र के हाथीगांव में 16 जुलाई को किसान हरिमोहन यादव की हत्या का पुलिस ने शनिवार को खुलासा करते हुए उसके दोस्त धर्मेंद्र उर्फ छोटू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि महिला को लेकर उपजे विवाद और आपसी रंजिश के चलते आरोपित ने फरसे से हमला कर हरिमोहन की हत्या कर दी थी। हत्यारोपित की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चापड़ (फरसा) और वारदात के समय पहने गए कपड़े भी बरामद कर लिए गए हैं।

पुलिस उपायुक्त पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने शनिवार को प्रेसवार्ता में बताया कि घटना की जांच के दौरान पता चला कि करीब एक सप्ताह पहले धर्मेंद्र ने हरिमोहन को एक महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इसके बाद दोनों के बीच तनाव बढ़ गया। इसी दौरान हरिमोहन ने धर्मेंद्र पर 900 रुपये चोरी करने का आरोप लगाते हुए उसका फावड़ा और कुदाल अपने पास रख लिए थे, जिससे दोनों के बीच रंजिश और गहरा गई।

पुलिस के अनुसार, हत्या से एक दिन पहले दोनों ने अन्य साथियों के साथ शराब पी थी। साथियों के चले जाने के बाद दोनों के बीच फिर विवाद हुआ। कहासुनी के दौरान हरिमोहन ने धर्मेंद्र पर डंडे से हमला कर दिया। इससे आक्रोशित धर्मेंद्र ने पास में रखे फरसे से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चापड़ और वारदात के समय पहने गए कपड़े भी बरामद कर लिए गए। गिरफ्तार आरोपित धर्मेंद्र उर्फ छोटू काे न्यायालय में पेश किया गया है, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप