home page

किसानों के खेतों से मोटर पंप चुराने वाले गिरोह का पर्दाफाश, चार आरोपित गिरफ्तार

 | 
किसानों के खेतों से मोटर पंप चुराने वाले गिरोह का पर्दाफाश, चार आरोपित गिरफ्तार


कन्नौद (देवास), 25 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के देवास जिले की कन्नौद थाना पुलिस ने किसानों के खेतों से सिंचाई मोटर पंप चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से आधा दर्जन से अधिक चोरी के मोटर पंप और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा के निर्देश पर जिले में किसानों से जुड़ी समस्याओं के त्वरित निराकरण और सिंचाई मोटर चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सौम्या और एसडीओपी आदित्य तिवारी के मार्गदर्शन में कन्नौद पुलिस ने क्षेत्र में हुई मोटर चोरी की घटनाओं की जानकारी जुटाकर जांच शुरू की।

तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस को ग्राम पिपलानी और किलोदा पी के आसपास कुछ संदिग्ध युवकों के चोरी की मोटर बेचने की फिराक में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने सुरानी के जंगलों में घेराबंदी कर चार संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान अर्जुन पुत्र कावर सिंह, रवि पुत्र चतर सिंह कर्मा, अनिल पुत्र रामविलास और मंगल पुत्र रामनिवास के रूप में हुई। चारों आरोपित ग्राम पिपलानी के निवासी हैं।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने खेतों से मोटर पंप चोरी करना स्वीकार किया। वे दिन में खेतों की रेकी करते थे और रात में बिजली गुल होने के बाद वारदात को अंजाम देते थे। बिजली बंद होने पर जब किसान अपने घर लौट जाते थे, तब आरोपित कुओं से पाइप और केबल काटकर मोटर निकाल लेते थे। पकड़े जाने से बचने के लिए चोरी की मोटरें जंगल में छिपा देते थे और मौका मिलने पर उन्हें बेच देते थे।

पुलिस ने चारों आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्‍द्र राठी