home page

आगरमालवाः कलेक्टर कार्यालय में किसान ने पिया कीटनाशक

 | 
आगरमालवाः कलेक्टर कार्यालय में किसान ने पिया कीटनाशक


आगरमालवा, 14 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिले में पारिवारिक विवाद को लेकर कथित तौर पर पुलिस और प्रशासन में सुनवाई नहीं होने से नाराज एक युवा किसान ने बुधवार को संयुक्त कलेक्टर कार्यालय परिसर में कीटनाशक पी लिया।

घटना अपर कलेक्टर शालिनी श्रीवास्तव के चैंबर के बाहर हुई, जिसके बाद पूरे कलेक्टर कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई। किसान की हालत बिगड़ने पर संयुक्त कलेक्टर मिलिंद ढोके उसे अपने वाहन से तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी नागेश यादव भी मौके पर पहुंचे।

जानकारी के अनुसार, कीटनाशक पीने वाले किसान की पहचान राहुल पुत्र अंतरसिंह बंजारा के रूप में हुई है। राहुल का अपने ही परिवार के लोगों के साथ खेत में पाइपलाइन डालने को लेकर विवाद चल रहा था। इस मामले को लेकर उसने जिले के कानड़ पुलिस थाने में शिकायत भी की थी, लेकिन किसान का आरोप है कि उसकी शिकायत पर सुनवाई नहीं हुई। पारिवारिक विवाद का समाधान नहीं होने से परेशान होकर वह बुधवार को अपनी फरियाद लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचा था। किसान कलेक्टर से मिलकर अपनी समस्या बताना चाहता था, लेकिन उसकी कलेक्टर से मुलाकात नहीं हो सकी। इसके बाद वह अपर कलेक्टर शालिनी श्रीवास्तव के चैंबर के बाहर पहुंचा, जहां उसने कीटनाशक पी लिया। अचानक हुई इस घटना से कार्यालय में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। जिला अस्पताल से युवक को एक निजी अस्पताल मे रेफर कर दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा