कथित रूप से कीटनाशक सेवन से किसान की मौत
कोरबा, 24 सितंबर (हि. स.)। उरगा थाना क्षेत्र के बगबुड़ा गांव में कथित रूप से कीटनाशक का सेवन करने वाले किसान परदेशीराम कंवर की इलाज के दौरान आज गुरुवार को मौत हो गई। घटना के बाद आत्महत्या के कारण को लेकर अलग-अलग जानकारी सामने आने पर प्रशासन ने गुरुवार को मामले की तथ्यात्मक जांच की।
जांच में मृतक के परिजनों ने कर्ज को आत्महत्या का मूल कारण बताए जाने से इनकार किया है।
मृतक की पहचान परदेशीराम कंवर, पिता मानसाय कंवर, उम्र करीब 51 वर्ष, निवासी बगबुड़ा के रूप में हुई है। प्रारंभिक तौर पर परिजनों के हवाले से बताया गया था कि वह खेती-किसानी के काम और कर्ज के चलते परेशान थे। परिवार के पास करीब तीन एकड़ जमीन होने तथा खेती का अधिकांश काम मृतक द्वारा स्वयं किए जाने की बात भी सामने आई थी।
परिजनों के अनुसार, मृतक पर करीब 30 हजार रुपये का कर्ज था।
हालांकि, प्रशासन की ओर से जारी तथ्यात्मक जांच रिपोर्ट में इस जानकारी की पुष्टि नहीं हुई है। 24 सितंबर को तहसीलदार भैसमा, संबंधित हल्का पटवारी, बगबुड़ा के सरपंच और ग्रामीणों की मौजूदगी में मृतक के परिवार के सदस्यों से पूछताछ की गई। मृतक की पत्नी ननकी नोनी कंवर ने बताया कि, उनके पति द्वारा आत्महत्या किए जाने का मूल कारण कर्ज नहीं था। परिवार ने आत्महत्या के किसी स्पष्ट कारण की जानकारी होने से भी इनकार किया।
प्रशासन के अनुसार, मौके पर परिवार के सदस्यों, सरपंच और ग्रामीणों की उपस्थिति में पंचनामा तैयार किया गया। उपलब्ध जानकारी के आधार पर कर्ज को आत्महत्या का मूल कारण बताए जाने की पुष्टि नहीं हुई है।
बताया गया कि परदेशीराम ने घर में कीटनाशक का सेवन किया था। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर उरगा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया और मामले की जांच शुरू की है।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

