home page

खेत में ट्रैक्टर के कल्टीवेटर के नीचे मिला किसान का शव, हत्या की आशंका

 | 
खेत में ट्रैक्टर के कल्टीवेटर के नीचे मिला किसान का शव, हत्या की आशंका


हाथरस, 03 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में हाथरस जिले के सादाबाद कोतवाली क्षेत्र स्थित गांव नगला मोहनलाल निवासी 58 वर्षीय किसान महिपाल सिंह का शव शनिवार तड़के ग्राम पंचायत घूंचा क्षेत के एक खेत में ट्रैक्टर में लगे कल्टीवेटर के नीचे मिला। शव के पास डंडा और लोहे की सरिया मिलने से परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। सूचना पर सादाबाद पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण भी घटनास्थल पर एकत्रित हो गए।

महिपाल सिंह पुत्र हरि सिंह ने करीब आठ माह पूर्व अपने छोटे भाई जंगजीत की पुत्रवधू नीता पत्नी स्वर्गीय अजीत सिंह से ग्राम पंचायत घूंचा में करीब सवा बीघा खेत खरीदा था। इसी जमीन को लेकर दोनों परिवारों के बीच विवाद चल रहा था। परिजनों के मुताबिक दो दिन पहले जंगजीत के परिवार के लोगों ने इसी खेत में जुताई कर सरसों की बुवाई कर दी थी।

शनिवार तड़के करीब तीन बजे महिपाल सिंह ट्रैक्टर लेकर खेत पर पहुंचा और जुताई शुरू कर दी। इसी दौरान उस पर हमला किए जाने की आशंका जताई जा रही है। महिपाल ने हमलावरों से बचने के लिए ट्रैक्टर लेकर भागने का प्रयास किया। ट्रैक्टर कच्ची सड़क पार कर दूसरे खेत में जा पहुंचा, जहां कल्टीवेटर के नीचे उसका शव औंधे मुंह पड़ा मिला।

मृतक के पुत्रों ने परिवार के ही कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। परिजनों ने फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड बुलाकर मौके से साक्ष्य जुटाने की मांग की। इंस्पेक्टर विजय सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस घटना के कारणों और इसमें शामिल लोगों को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है।------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना