प्रॉपर्टी डीलर के उत्पीड़न से आहत किसान ने की आत्महत्या, मुकदमा दर्ज
नोएडा, 01 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद गौतम बुद्ध नगर के थाना दनकौर क्षेत्र के धनोरी गांव में एक प्रॉपर्टी डीलर से परेशान ग्रामीण ने वीडियो बनाकर आत्महत्या कर ली। उसने प्रॉपर्टी डीलर पर लाखों रुपये हड़पने का आरोप लगाया। सोशल मीडिया पर उसका वीडियो वायरल हो रहा है। पुलिस ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
नवीन शर्मा ने यमुना विकास प्राधिकरण से मिला सात फीसदी आबादी का प्लॉट बेचा था, जिसे प्रॉपर्टी डीलर यशपाल ने बिकवाया था। आरोप है कि यशपाल ने प्लॉट की लाखों रुपये की रकम हड़प ली। प्रॉपर्टी डीलर गांव का ही मूल निवासी है, जो नोएडा में रहकर प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता है। प्रॉपर्टी डीलर द्वारा प्लॉट की रकम हड़प लिए जाने से परेशान होकर नवीन शर्मा ने शुक्रवार की शाम घर में जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे ग्रेटर नोएडा के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान शनिवार को उसकी मौत हो गई।
आत्महत्या करने से पहले नवीन शर्मा ने पांच मिनट का एक वीडियो बनाया, जिसमें उसने अपनी मौत का जिम्मेदार प्रॉपर्टी डीलर यशपाल को बताया। उसने इस मामले में प्रधानमंत्री, प्रदेश के मुख्यमंत्री और दनकौर कोतवाल से न्याय की गुहार लगाई। भावनात्मक अंदाज में बनाए गए वीडियो में उसने अपनी इकलौती बेटी पूजा से अपनी मां की देखभाल करने को भी कहा है।
थाना दनकौर के प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने शनिवार काे बताया कि नवीन की बेटी पूजा ने अपने पिता की मौत का जिम्मेदार प्रॉपर्टी डीलर को बताते हुए दनकौर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रॉपर्टी डीलर पर लाखों रुपये हड़पने का आरोप लगाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

