home page

यमुनानगर : पितरों के स्थान पर जा रहे किसान पर हमला, गंडासी के वार से घायल

 | 

यमुनानगर, 09 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर में एक किसान पर रास्ते में घात लगाकर किए गए हमले का मामला सामने आया है। गांव बागवाली के निकट चार कारों में पहुंचे हमलावरों ने किसान पर गंडासी से वार कर उसे घायल कर दिया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर कई आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में गांव बागवाली निवासी राकेश ने बताया कि वह खेती का कार्य करता है। वह गांव के खेड़ा मंदिर में पूजा करने के बाद गांव के बाहरी हिस्से में स्थित अपने पितरों के स्थान पर जा रहा था। इसी दौरान गांव के बाहर पहुंचते ही जठलाना की ओर से चार सफेद रंग की गाड़ियां वहां आकर रुकीं। उन्हाेंने बताया कि आगे चल रही गाड़ी में सवार लोगों ने उसकी पहचान की और तुरंत उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि गाड़ी से उतरे एक व्यक्ति ने लोहे की गंडासी से उसकी गर्दन की ओर वार किया। राकेश ने बचाव करते हुए अपना हाथ आगे कर दिया, जिससे वार उसकी बांह पर लगा और वह घायल हो गया। घटना के दौरान अन्य गाड़ियों में मौजूद कई लोगों ने भी उसे घेरने का प्रयास किया और जान से मारने की धमकी दी। घायल राकेश के अनुसार, हमले के बाद उसने शोर मचाया, जिस पर आसपास मौजूद उसके परिजन मौके की ओर दौड़े। परिजनों को आते देख हमलावर वहां से कारों में बैठकर फरार हो गए। पीड़ित का कहना है कि पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। उसने आरोप लगाया कि हमलावरों ने बिना किसी उकसावे के उस पर जानलेवा हमला किया।

थाना जठलाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर नावेद, जुनैद, सकील और अब्दुल खान के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार