home page

फार्म हाउस के चौकीदार की हत्या में कर्मचारी गिरफ्तार

 | 
फार्म हाउस के चौकीदार की हत्या में कर्मचारी गिरफ्तार


कानपुर, 11 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में कानपुर जिले के बिठूर स्थित एक फार्म हाउस में सात जुलाई की रात चौकीदार की हत्या कर दी गई थी। आठ जुलाई की सुबह अन्य कर्मचारियों के पहुंचने पर घटना की जानकारी हुई। जांच के दौरान पुलिस ने फार्म हाउस में काम करने वाले एक कर्मचारी को आरोपित पाया और उसे मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस उपायुक्त पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि बिठूर में केशव वाटिका के नाम से उद्योगपति दीपक कोठारी का फार्म हाउस है। यहां अयोध्या के खंडासा थाना क्षेत्र के ग्राम कालीचरण चौरहरा मजरे टिकरा निवासी फूलचंद (58) सुरक्षा गार्ड के रूप में नौकरी करता था। आठ जुलाई की सुबह फार्म हाउस में काम करने वाले अन्य कर्मचारी पहुंचे तो फूलचंद का शव जमीन पर पड़ा मिला।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट लगने से मौत की पुष्टि हुई। इसके बाद मृतक की पत्नी यशोमती की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना के दिन फार्म हाउस में काम करने वाले सभी कर्मचारी ड्यूटी पर आए थे, लेकिन बिठूर के कछार निवासी विजय सिंह चौहान नहीं पहुंचा था। पुलिस को उस पर संदेह हुआ। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर उसकी गतिविधियां संदिग्ध मिलीं। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली।

आरोपित ने पुलिस को बताया कि वह नशे का आदी है और नशा करने के लिए उसके पास रुपये नहीं थे। सात जुलाई की रात वह चोरी करने के इरादे से फार्म हाउस में दाखिल हुआ था। इसी दौरान चौकीदार फूलचंद की नींद खुल गई। पकड़े जाने के डर से आरोपित ने पास में पड़ी लोहे की रॉड और ईंट से फूलचंद के सिर पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने हत्या के आराेपित के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप