फर्जी बैंक खाते बेचने वाला आरोपित गिरफ्तार
जयपुर, 25 अक्टूबर (हि.स.)। साइबर पुलिस थाना जयपुर ने निवेश के नाम पर 15.04 लाख रुपये की ठगी के मामले में एक और आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपित बुजुर्गों, आर्थिक रूप से कमजोर लोगों और विद्यार्थियों को पैसों का लालच देकर उनके नाम पर फर्जी ऑनलाइन मर्चेंट खाते खुलवाता था। बाद में इन खातों को मोटी रकम और कमीशन लेकर दूसरे राज्यों में सक्रिय साइबर ठगों को बेच देता था।
पुलिस के अनुसार, परिवादी को ईजेडइन्वेस्ट कंपनी के नाम पर अंतरराष्ट्रीय बाजार में निवेश कर अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा दिया गया। इसके बाद छह अलग-अलग लेन-देन के जरिए 15 लाख 4 हजार 999 रुपए की ठगी की गई। मामले में साइबर पुलिस थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस उपायुक्त (अपराध) अनुष्ठा कालिया के मार्गदर्शन में गठित टीम ने तकनीकी अनुसंधान और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। मामले में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार आरोपित राजकुमार उर्फ राजू कासोटिया (35) सीकर जिले के लोसल थाना क्षेत्र का निवासी है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि कमीशन के लालच में अपना बैंक खाता किसी अन्य व्यक्ति को इस्तेमाल के लिए न दें और आधार, पैन, एटीएम पिन व बैंक ओटीपी जैसी गोपनीय जानकारी साझा न करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

