home page

वाहनों में यात्रा के दौरान चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा, 4 आरोपित गिरफ्तार

 | 
वाहनों में यात्रा के दौरान चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा, 4 आरोपित गिरफ्तार


प्रयागराज, 16 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित औद्योगिक थाना की पुलिस ने ऑटो में यात्रा के दौरान हुई चोरी का खुलासा करते हुए गुरुवार को चार आरोपितों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने पकड़े गए आरोपित के कब्जे से सामान एवं 36 हजार रुपये बरामद किए हैं।

पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में प्रयागराज के घूरपुर थाना क्षेत्र के चंद्रभान सिंह का पुरा गांव निवासी आसिफ सिद्दीकी पुत्र साजिद अली, इसी थाना क्षेत्र के करमा गांव निवासी सलमान पुत्र मोहम्मद जमीर , इसी थाना क्षेत्र के हथिगंन गांव निवासी प्रदीप भारतीय पुत्र शिवलाल भारतीय, घूरपुर थाना क्षेत्र के जसरा सिविल लाइन निवासी उमेश कुमार वैश्य पुत्र लखनलाल वैश्य हैं।

उल्लेखनीय है कि 27 फरवरी को

नैनी निवासी सतेन्द्र दुबे ने शिकायत दर्ज कराई थी कि ऑटो चालक और उसके साथियों ने उनके बैग से गहने चोरी कर लिए। इस मामले में थाना औद्योगिक क्षेत्र में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 15 अप्रैल को घूरपुर क्षेत्र से चार आरोपितों आसिफ सिद्दीकी, सलमान, प्रदीप भारतीय और उमेश कुमार वैश्य को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे ऐसे यात्रियों को निशाना बनाते थे जिनके पास ज्यादा सामान होता था। सफर के दौरान बैग की चेन खोलकर गहने चोरी कर लेते थे और बाद में सुनार को बेच देते थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपितों ने चोरी किए गए गहनों को जसरा के एक सुनार को बेच दिया था, जिसके बदले उन्हें नकद रकम मिली थी। बरामद 36 हजार रुपये उसी रकम का हिस्सा है। मामले में अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।

डीसीपी यमुनानगर का बयान

विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि पुलिस ने चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनके खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश भी जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल