पारिवारिक संपत्ति विवाद में खूनी संघर्ष, बुजुर्ग की पीटकर हत्या
सीतापुर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले की नगर काेतवाली क्षेत्र में दालमंडी बाजार में शनिवार दाेपहर काे संपत्ति विवाद को लेकर राम किशन राठाैर (58) की लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। हमले में उनका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ रेफर कर दिया, जहां उसकी हालत गंभीर है। घटना की जानकारी पर अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह एवं सीओ सिटी विनय यादव ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
सीओ ने बताया कि परिवार से पता चला है कि रामकिशन राठौर दालमंडी बाजार में आज अपनी चाची की दुकान अपने पुत्र के साथ गए थे, जहां पुराने संपत्ति विवाद को लेकर दूसरे पक्ष रेनू से कहासुनी हो गई। आरोप है कि रेनू, उसकी मां कमलेश और एक अन्य युवक ने लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से रामकिशन और उनके बेटे पर हमला कर दिया। घटना की जानकारी पर पुलिस और पीड़ित परिवार पहुंचे ताे हमलावर वारदात के बाद फरार हाे गये थे। गंभीर रूप से घायल पिता-पुत्र को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने रामकिशन को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की ताे पाया कि दुकान के स्वामित्व को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है और मामला न्यायालय में विचाराधीन है। आज दोपहर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित महिला रेनू और उसकी मां कमलेश को हिरासत में ले लिया है, जबकि तीसरे आरोपित की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / Mahesh Sharma

