पारिवारिक विवाद में 12 वर्षीय साली की हत्या, महाराष्ट्र से गिरफ्तार आरोपित जीजा
धार, 16 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के धार जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक ने अपनी 12 वर्षीय नाबालिग साली की कथित तौर पर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित गुजरात और फिर महाराष्ट्र भाग गया, लेकिन पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और साइबर सेल की मदद से उसे महाराष्ट्र के शाहदा से गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार को आरोपित को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार, बाग थाना क्षेत्र के ग्राम रिसावला की रहने वाली 12 वर्षीय बालिका 12 जुलाई को अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बालिका के जीजा अनिल पर संदेह जताया था। जांच के दौरान पुलिस ने तलाश अभियान चलाया, जिसमें पाडलिया घाटी स्थित वन विभाग के एक कुएं से बालिका का शव बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने मामले को हत्या मानते हुए जांच का दायरा बढ़ाया।
जांच में सामने आया कि आरोपित अनिल पिता शेरसिंह दोहदिया (24), निवासी अलीराजपुर, ने फरवरी 2026 में सोशल मीडिया के माध्यम से मृतिका की बड़ी बहन से संपर्क किया था। बाद में दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया। विवाह के कुछ समय बाद दंपती के बीच पारिवारिक विवाद शुरू हो गया और संबंधों में गंभीर तनाव पैदा हो गया।
पुलिस के अनुसार, इसी विवाद का बदला लेने की नीयत से आरोपित ने अपनी नाबालिग साली को जंगल में स्थित कुएं तक ले जाकर धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद वह गिरफ्तारी से बचने के लिए पहले गुजरात और फिर महाराष्ट्र भाग गया।
आरोपित की तलाश में पुलिस और साइबर सेल लगातार सक्रिय रही। तकनीकी जानकारी और मुखबिरों से मिले इनपुट के आधार पर पहले गुजरात में दबिश दी गई। बाद में उसके महाराष्ट्र के शाहदा में होने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपित के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / Gyanendra Tripathi

