home page

पारिवारिक विवाद में पिता को गोली मारने वाला पुत्र और मामा गिरफ्तार

 | 
पारिवारिक विवाद में पिता को गोली मारने वाला पुत्र और मामा गिरफ्तार


बांदा, 30 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में बबेरू काेतवाली क्षेत्र स्थित मुरवल गांव में पारिवारिक और जमीन संबंधी विवाद के चलते पिता को गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस ने गुरुवार को पुत्र और उसके मामा काे गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।

मुरवल गांव निवासी महादेव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 28 अक्टूबर की शाम उसके पुत्र शिवा ने मामा कामता के साथ मिलकर पारिवारिक व जमीन संबंधी विवाद को लेकर जान से मारने की नीयत से तमंचे से पिता काे गोली मार दी थी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बबेरू पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और साक्ष्य जुटाने के साथ मुकदमा दर्ज कर आरोपिताें की तलाश शुरू कर दी। गुरुवार देर रात पुलिस टीम गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना पर पुलिस ने गैस एजेंसी से आगे तुर्की तालाब के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपिताें कामता और शिवा को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद हुए।

क्षेत्राधिकारी बबेरू कृष्णकांत त्रिपाठी ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस पूछताछ में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। परिवार से पता चला है कि घायल महादेव शराब पीकर आए दिन घर में हंगामा करता था। पत्नी-बेटे के साथ मारपीट करता था। इसी वजह से परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। उनकी हरकत से मां और बेटा अलग रहने लगे थे। घटना वाले दिन भी विवाद हुआ, जिसके बाद पुत्र ने अपने मामा के साथ मिलकर पिता को गोली मार दी। पुलिस ने दोनों आरोपिताें को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की है।

------------------------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह