home page

सरपंच चुनाव की रंजिश में परिवार पर हमले का आरोप, महिला का हाथ टूटा

 | 
सरपंच चुनाव की रंजिश में परिवार पर हमले का आरोप, महिला का हाथ टूटा


सरपंच चुनाव की रंजिश में परिवार पर हमले का आरोप, महिला का हाथ टूटा


भीलवाड़ा, 24 नवंबर (हि.स.)। जिले के फूलियाकलां थाना क्षेत्र के बड़ला गांव में सरपंच चुनाव की कथित रंजिश और खेत में रेत खनन को लेकर हुए विवाद के बाद एक परिवार पर हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि 25 से 30 लोगों ने घर की दीवार फांदकर अंदर प्रवेश किया और महिला तथा बच्चों के साथ मारपीट की। हमले में पीड़ित की पत्नी का हाथ टूट गया। परिवार ने पुलिस के 100 और 112 नंबर पर 20 से अधिक बार फोन करने के बावजूद पुलिस के मौके पर नहीं पहुंचने का आरोप लगाया है। पीड़ित दंपती ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत दी और न्याय एवं सुरक्षा की गुहार लगाई।

परिवादी शंभूलाल मीणा के अनुसार, 22 नवंबर को शाम करीब पांच बजे वह अपने खेत पर गया था। वहां कुछ लोग खेत के ढावे पर कथित रूप से रेत खनन कर रहे थे। इससे उसकी जमीन का कटाव हो रहा था। उसने खनन बंद करने के लिए कहा तो वहां मौजूद लोगों से विवाद हो गया। आरोप है कि इसके बाद कुछ लोगों को मौके पर बुलाया गया और उसके साथ मारपीट की गई।

शंभूलाल का आरोप है कि शाम करीब सात बजे ओमप्रकाश और गोविंद सहित कुछ नामजद लोग 25 से 30 अन्य व्यक्तियों के साथ उसके घर पहुंचे। आरोपित दीवार फांदकर घर में घुसे और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। इस दौरान उसकी पत्नी के हाथ में गंभीर चोट आई और हाथ टूट गया। घायल महिला को उपचार के लिए भीलवाड़ा जिला अस्पताल ले जाया गया। परिवार ने घर में तोड़फोड़ किए जाने का आरोप भी लगाया है।

पीड़ित परिवार के मुताबिक, हमले के बाद भी आरोपित देर रात करीब दो बजे तक लाठियां लेकर घर के बाहर जमा रहे। इस दौरान करीब 20 से 25 लोग वहां मौजूद थे। परिवार का आरोप है कि इस घटनाक्रम के वीडियो भी बनाए गए और सोशल मीडिया पर प्रसारित किए गए।

शंभूलाल ने बताया कि उसका बेटा हर्षित रातभर पुलिस की सहायता के लिए 100 और 112 नंबर पर फोन करता रहा। परिवार का दावा है कि 20 से अधिक बार कॉल करने के बावजूद कोई पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा। पीड़ित ने फूलियाकलां थाना पुलिस से संपर्क करने पर सरपंच से बात होने का हवाला दिए जाने का आरोप भी लगाया है। उसने घटना के वीडियो, कॉल डिटेल और वॉयस रिकॉर्डिंग उपलब्ध होने की बात कही है।

पीड़ित ने हमले के पीछे सरपंच चुनाव की पुरानी रंजिश होने की आशंका जताई है। उसका कहना है कि उसने हाल ही में सरपंच पद का चुनाव लड़ा था और चुनाव के बाद से वर्तमान सरपंच सहित कुछ लोगों से उसका विवाद चल रहा है। हालांकि, हमले के पीछे चुनावी रंजिश होने की बात फिलहाल परिवादी का आरोप है।

घटना के बाद पीड़ित दंपती ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत सौंपी। उन्होंने नामजद आरोपितों सहित अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई, गिरफ्तारी, परिवार को सुरक्षा देने और फूलियाकलां थाना पुलिस की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / मूलचंद