home page

चोरी के जेवर बैंक में गिरवी रखकर लिया था 3.80 लाख का गोल्ड लोन, मां-बेटे और बहन को पुलिस ने भेजा न्यायिक रिमांड

 | 
चोरी के जेवर बैंक में गिरवी रखकर लिया था 3.80 लाख का गोल्ड लोन, मां-बेटे और बहन को पुलिस ने भेजा न्यायिक रिमांड


बलरामपुर, 30 जुलाई (हि.स.)। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले की शंकरगढ़ पुलिस ने करीब चार लाख रुपये की चोरी के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में एक युवक, उसकी मां और उसकी बहन शामिल हैं। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305, 331(3) और 3(5) के तहत कार्रवाई कर आज गुरुवार को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के द्वारा आज गुरुवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, जिले के थाना शंकरगढ़ निवासी अर्पण कुमार उरांव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 31 दिसंबर 2025 को दोपहर करीब 2 बजे से शाम 4:30 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर, तीन हजार रुपये नकद और दो सीसीटीवी कैमरे चोरी कर लिए थे। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग चार लाख रुपये आंकी गई थी।

मामले की जांच के दौरान शंकरगढ़ पुलिस को सरगुजा जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र में दर्ज एक अन्य चोरी के प्रकरण से महत्वपूर्ण सुराग मिला। पूछताछ में आरोपित आनंद पन्ना ने शंकरगढ़ में भी अपने साथी आकाश गाइडिन के साथ चोरी करना स्वीकार किया।

इसके बाद पुलिस ने आकाश गाइडिन को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने बताया कि चोरी के सोने के जेवर अपनी मां नीलिमा गाइडिन के माध्यम से अंबिकापुर स्थित मणप्पुरम गोल्ड लोन बैंक में गिरवी रखकर 3.80 लाख रुपये का गोल्ड लोन लिया गया था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि लोन की राशि में से 20 हजार रुपये आरोपित की बहन मंजूषा पन्ना के खाते में भी भेजे गए थे।

पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आकाश गाइडिन (23 वर्ष), नीलिमा गाइडिन (38 वर्ष) और मंजूषा पन्ना (31 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपितों सरगुजा जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र के निवासी हैं। गिरफ्तारी के बाद आज गुरुवार सभी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि, मामले की विवेचना के दौरान चोरी की पूरी साजिश का खुलासा हुआ और बैंक में गिरवी रखे गए जेवरों के संबंध में भी आवश्यक कार्रवाई की गई। प्रकरण में आगे की जांच जारी है।

इस कार्रवाई में उप निरीक्षक रविंद्र प्रताप सिंह, सहायक उप निरीक्षक योगेश्वर पैकरा, सहायक उप निरीक्षक रफेल तिर्की, आरक्षक बबलू बैक, संदीप एम.आर. तथा सरोज केरकेट्टा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय