home page

राजगढ़ः खेत में पेड़ पर लटका मिला 45 वर्षीय किसान का शव

 | 
राजगढ़ः खेत में पेड़ पर लटका मिला 45 वर्षीय किसान का शव


राजगढ़, 02 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के माचलपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कुंडीखेड़ा में सोमवार सुबह एक 45 वर्षीय किसान का शव खेत में पेड़ पर लटका मिला। मृतक की पहचान भगवानसिंह गुर्जर के रूप में हुई है। उनकी शर्ट पर खून के निशान मिलने से घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, भगवानसिंह गुर्जर रविवार रात सिंचाई के लिए मोटर चालू करने और पाइप बांधने की बात कहकर रस्सी लेकर खेत पर गए थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। सोमवार सुबह परिजनों ने खेत पर जाकर तलाश की तो उनका शव पेड़ पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई की और ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।

पुलिस के अनुसार, भगवानसिंह की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका फिलहाल पता नहीं चल पाया है। उनकी शर्ट पर मिले खून के निशानों को भी जांच में शामिल किया गया है। घटनास्थल से जुड़े अन्य साक्ष्यों और परिस्थितियों की पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। भगवानसिंह अपने पीछे पत्नी और तीन बेटियों को छोड़ गए हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक