न्यायाधीश की झूठी शिकायत करने पर मुकदमा दर्ज, संगठित गिरोह की जांच शुरू
झांसी, 23 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी जनपद न्यायालय के एक न्यायाधीश की छवि धूमिल करने और उन पर गलत कार्य करने का दबाव बनाने के उद्देश्य से झूठी शिकायत करने के मामले में नवाबाद थाना पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस मामले में किसी संगठित गिरोह की संलिप्तता की भी पड़ताल कर रही है।
जनपद न्यायालय में तैनात मुख्य प्रशासनिक अधिकारी की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत में बताया गया कि एक न्यायाधीश पर अनुचित कार्य करने का दबाव बनाया जा रहा था। जब न्यायाधीश ने नियमों के विपरीत कोई कार्य करने से इंकार कर दिया, तो उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से उनके विरुद्ध शिकायत की गई। मामले की जांच कराए जाने पर शिकायत में लगाए गए सभी आरोप असत्य एवं निराधार पाए गए।
शिकायत के आधार पर नवाबाद थाना पुलिस ने रोहित यादव पुत्र शिव आशीष यादव, निवासी पाल कॉलोनी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना की जा रही है तथा यह भी जांच की जा रही है कि कहीं इसके पीछे कोई संगठित गिरोह तो सक्रिय नहीं है, जो दबाव बनाने अथवा न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास कर रहा हो।
थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव ने मंगलवार काे बताया कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। मामले को न्यायिक व्यवस्था की गरिमा से जुड़ा मानते हुए गंभीरता से लिया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

