यमुनानगर:लकड़ी मंडी में फर्जी पर्चियों से 55 लाख की ठगी
यमुनानगर, 25 फ़रवरी (हि.स.)यमुनानगर जिले के जगाधरी स्थित लकड़ी मंडी में कारोबारी लेनदेन के बीच बड़े आर्थिक फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। प्लाईवुड फैक्ट्रियों के नाम पर कथित तौर पर तैयार की गई नकली पर्चियों के माध्यम से 55 लाख रुपये से अधिक की रकम हड़पने का आरोप लगाया गया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में कारोबारी शुभम गर्ग ने बुधवार काे बताया कि वह लंबे समय से लकड़ी के व्यापार से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि आरोपी आदित्य सैनी, जो टिम्बर मार्केट में सक्रिय था, कारोबारी विश्वास का लाभ उठाते हुए प्लाईवुड इकाइयों में सप्लाई होने वाली लकड़ी की पर्चियां लाकर भुगतान लेता रहा। दोनों के बीच पूर्व परिचय और व्यावसायिक संबंध होने के कारण शिकायतकर्ता ने दस्तावेजों की सत्यता पर संदेह नहीं किया। शिकायत के अनुसार फरवरी से सितंबर 2025 के बीच आरोपी विभिन्न फैक्ट्रियों के नाम से पर्चियां प्रस्तुत करता रहा, जिनके आधार पर उसे करीब 49 लाख रुपये से अधिक का भुगतान किया गया। इसके अतिरिक्त छह लाख रुपये नकद व्यक्तिगत जरूरतों और ठेकेदारों को देने के बहाने लिए गए। कुल मिलाकर 55 लाख से अधिक की राशि आरोपी पर बकाया बताई गई है। व्यापारिक प्रक्रिया के तहत शिकायतकर्ता संबंधित फैक्ट्री संचालकों से भुगतान प्राप्त करता था, लेकिन जब उसने पर्चियां दिखाकर रकम मांगी तो मामला संदिग्ध हो गया। जांच में सामने आया कि कई पर्चियां फर्जी थीं, जबकि कुछ फैक्ट्रियां पहले ही बंद हो चुकी थीं और उनका इन दस्तावेजों से कोई संबंध नहीं था।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि पूछताछ करने पर आरोपी ने शुरुआत में गलती स्वीकार कर लिखित रूप से भुगतान लौटाने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में मुकर गया। साथ ही झूठे मामलों में फंसाने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पुलिस ने बताया कि शिकायत की प्राथमिक जांच के बाद थाना शहर जगाधरी में धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

