home page

बुजुर्ग दंपत्ति के घर में ईडी की फर्जी रेड कर लूट की साजिश, घरेलू सहायिका सहित दो महिलाएं गिरफ्तार

 | 
बुजुर्ग दंपत्ति के घर में ईडी की फर्जी रेड कर लूट की साजिश, घरेलू सहायिका सहित दो महिलाएं गिरफ्तार


नई दिल्ली, 26 फ़रवरी (हि.स.)। न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी इलाके में बुजुर्ग दंपति के घर में ईडी की फर्जी रेड कर लाखों रुपए लेकर फरार होने के आरोप में पुलिस ने घरेलू सहायिका सहित दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। आरोपित रेखा देवी और उसकी ननद पूजा राजपूत के पास से डिप्टी कमांडेंट की वर्दी, फर्जी पहचान पत्र, एक पिस्तोल (समाप्त लाइसेंस), सात घड़ियां और आभूषण बरामद किए हैं।

पुलिस उनके बाकि साथियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। रेखा देवी ने पीड़ित परिवार के घर में घरेलू सहायिका का काम करती है। रेखा देवी ने ही इस वारदात की साजिश रची थी।

पुलिस उपायुक्त डॉ. हेमंत तिवारी ने आज बताया कि पीड़ित बुजुर्ग दंपति अकेले डी-903 न्यू फ्रेंड्स कॉलानी इलाके में रहते हैं। पुलिस को दिए बयान में उन्होंने बताया कि 11 फरवरी की सुबह करीब 10 बजे पुलिस की वर्दी पहने तीन लोग उनके घर में घुस आए और खुद को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का अधिकारी बताते हुए घर में छापेमारी की बात कही। पीड़ित दंपति ने उन्हें वारंट दिखाने के लिए कहा तो आरोपियों ने वारंट दिखाने से इंकार कर परिवार को डराया-धमकाया, उनके मोबाइल फोन बंद कर दिए और उन्हें बंधक बनाकर नकदी व कीमती सामान सामने रखने को कहा। डर के कारण शिकायतकर्ता ने करीब 10-12 लाख रुपये से भरा बैग टेबल पर रख दिया। इसी दौरान परिवार की बुजुर्ग सदस्य अपने वकील पोते से संपर्क करने में सफल रहीं, जिसके बाद आरोपी करीब 3-4 लाख रुपये, ज्वैलरी, महंगी घड़ियां लेकर फरार हो गए।

न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी थाना पुलिस ने 24 फरवरी को एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई। एसएचओ राजेंद्र कुमार जैन की टीम ने करीब 350 सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्ध कार का पीछा करते हुए गाजियाबाद के वैशाली तक पहुंच बनाई। तकनीकी निगरानी और स्थानीय सूचना के आधार पर पुलिस ने 25 फरवरी को शिकायतकर्ता के घर में काम करने वाली रेखा देवी और उसकी ननद पूजा राजपूत को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपित ने बताया कि घर में बुजुर्ग दंपती के अकेले रहने का फायदा उठाने के लिए फर्जी रेड की योजना बनाई गई थी। पूजा के घर की तलाशी में आईटीबीपी डिप्टी कमांडेंट की वर्दी, आईडी कार्ड, वायरलेस बॉक्स, पिस्तौल, आभूषण और चोरी की गई सात घड़ियां बरामद हुईं।

पुलिस के मुताबिक साजिश में पूजा का पति प्रकाश कुमार, बेटा मनीष और देवर उपदेश सिंह थापा उर्फ पिंटू भी शामिल हैं। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और शेष संपत्ति की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव