home page

समशेरगंज में जाली नोट व चोरी के मोबाइल बरामद, दो गिरफ्तार

 | 
समशेरगंज में जाली नोट व चोरी के मोबाइल बरामद, दो गिरफ्तार


मुर्शिदाबाद, 26 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के समशेरगंज में अलग-अलग दो अभियानों में पुलिस ने 75 हजार रुपये के जाली नोट और बड़ी संख्या में चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बुधवार को की गई कार्रवाई में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया। गुरुवार सुबह जंगीपुर पुलिस जिला के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सजल कांती विश्वास ने थाना परिसर में पत्रकारों को इसकी जानकारी दी। इस दौरान फरक्का के एसडीपीओ शेख समसुद्दीन और थाना प्रभारी सुब्रत घोष भी मौजूद रहे।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, पहले मामले में बुधवार शाम धुलियान फेरीघाट इलाके में अभियान चलाकर 75 हजार रुपये के जाली नोट के साथ अनिसुर शेख नामक युवक को गिरफ्तार किया गया। आरोपी का घर मालदा जिले के वैष्णवनगर थाना क्षेत्र के पार देवनापुर इलाके में बताया गया है। उसके पास से 500 रुपये के 150 जाली नोट बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में पुलिस का अनुमान है कि जाली नोट मुर्शिदाबाद में तस्करी के उद्देश्य से लाए गए थे।

दूसरी ओर, बुधवार रात हिजलतला इलाके के एक घर में तलाशी के दौरान 95 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए गए। इस मामले में मुबारक हुसैन नामक युवक को गिरफ्तार किया गया। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित बाजार कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें जंगीपुर अदालत में पेश किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता