सांसद के फर्जी लेटर पैड का खेल! लिपिक पर एफआईआर
सीवान, 16 जुलाई (हि.स.) । सांसद के नाम और हस्ताक्षर का कथित दुरुपयोग कर फर्जी लेटर पैड तैयार करने के मामले में जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय के निम्न वर्गीय लिपिक रंजय कुमार के खिलाफ महादेवा ओपी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
मामले को गंभीर मानते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की सुसंगत धाराओं के तहत कांड दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला उस समय सामने आया जब जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (पीएम पोषण), सीवान ने जिला शिक्षा पदाधिकारी के आदेश पर महादेवा ओपी में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराने का अनुरोध किया। आवेदन में कहा गया है कि जिला शिक्षा पदाधिकारी के पत्र के आलोक में लिपिक रंजय कुमार के विरुद्ध कार्रवाई का निर्देश प्राप्त हुआ था।
आवेदन के अनुसार, सीवान की सांसद विजयलक्ष्मी देवी ने अपने पत्र में आरोप लगाया है कि रंजय कुमार ने उनका लेटर पैड किसी तरह प्राप्त कर उसकी स्कैन कॉपी तैयार की तथा उनके हस्ताक्षर की नकल कर शिक्षा विभाग के वरीय अधिकारियों के समक्ष उसका उपयोग किया।
आरोप है कि फर्जी पत्रों के माध्यम से अधिकारियों को गुमराह करने और सरकारी कार्यों को प्रभावित करने का प्रयास किया गया।सांसद ने अपने पत्र में पूरे मामले की विधिसम्मत जांच कर संबंधित लिपिक के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की अनुशंसा की थी। इसके बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी के निर्देश पर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ने महादेवा ओपी में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया।
आवेदन के आधार पर महादेवा ओपी थाना में कांड संख्या 131/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कथित फर्जी लेटर पैड और हस्ताक्षर किस प्रकार तैयार किए गए, उनका उपयोग किन-किन अधिकारियों के समक्ष किया गया तथा इस पूरे प्रकरण में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

