जयपुर में इंटरनेशनल फर्जी कॉल सेंटर का पर्दाफाश
जयपुर, 30 सितंबर (हि.स.)। अमेरिकी नागरिकों को एपल कस्टमर सपोर्ट और टेक्निकल सपोर्ट का झांसा देकर ठगी करने वाले अंतरराष्ट्रीय फर्जी कॉल सेंटर का जयपुर में पर्दाफाश हुआ है। पुलिस मुख्यालय की साइबर क्राइम यूनिट और जयपुर पश्चिम पुलिस की संयुक्त टीम ने बिंदायका थाना क्षेत्र स्थित मंगलम ग्रांड रेजीडेंसी के फ्लैट पर दबिश देकर 14 आरोपिताें को गिरफ्तार किया। मौके से ठगी में इस्तेमाल किए जा रहे 13 लैपटॉप, 24 मोबाइल फोन, वाई-फाई राउटर, सिम कार्ड, चार्जर और एक्सटेंशन बोर्ड सहित अन्य तकनीकी उपकरण जब्त किए गए।
जयपुर पश्चिम डीसीपी प्रशांत किरण ने बताया कि आरोपित बिंदायका थाना क्षेत्र स्थित मंगलम ग्रांड रेजीडेंसी के फ्लैट नंबर 1401-C में अवैध कॉल सेंटर संचालित कर रहे थे। वे अमरीकी नागरिकों को नकली एप्पल कस्टमर सपोर्ट/टेक्निकल सपोर्ट के नाम पर मैसेज और एसएमएस भेजते थे। इनमें एप्पल के प्रोडक्ट या सर्विस के लिए 399, 499 और 699 अमरीकी डॉलर जैसे पहले से मंज़ूर शुल्क स्वीकृत होने का संदेश भेजा जाता था। इसके बाद समस्या के समाधान के नाम पर पीड़ितों से रकम ऐंठी जाती थी।
जयपुर पश्चिम डीसीपी प्रशांत किरण ने बताया कि गिरफ्तार आरोपिताें में गोहिल निकुंज (25), सुरेंद्रनगर गुजरात; वाहिद (22), सीकर, रहीस (33) और इरशाद (35), पालघर मुंबई, मोहम्मद इनाम हुसैन चौधरी (37), दीमापुर नागालैंड, सौरभ शर्मा (25), कानोता जयपुर; निशिथ (19), गांधीनगर मानस खतनियार (36), कामरूप असम; अक्षय नारायण भाई पटेल (32), गांधीनगर, श्रेय भारद्वाज (39), चंडीगढ़ गगन पाल (27), कंचनपुर नेपाल , शिवम प्रजापति (26), देव दलाल (22) और दर्पण (29), गांधीनगर/अहमदाबाद शामिल हैं।
पुलिस अब आरोपिताें से पूछताछ कर फर्जी कॉल सेंटर से जुड़े अन्य लोगों, नेटवर्क और ठगी के तरीके के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

