home page

पूर्व सांसद का ट्रक रोक फर्जी जीएसटी अफसरों ने की थी वसूली,चार वांछित गिरफ्तार

 | 
पूर्व सांसद का ट्रक रोक फर्जी जीएसटी अफसरों ने की थी वसूली,चार वांछित गिरफ्तार


हमीरपुर, 26 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में फर्जी जीएसटी अधिकारी बनकर ट्रकों को रोककर अवैध वसूली करने वाले गिरोह का पुलिस ने शनिवार को शाम खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में चार वांछित आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से फर्जी जीएसटी अधिकारी के पहचान पत्र, मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किए हैं। गिरोह के दो अन्य सदस्य अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

एसपी मृगांग शेखर पाठक ने शनिवार को शाम पत्रकार वार्ता में बताया कि 22 सितंबर को पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत के किचन का सामान ट्रक में लादकर लखनऊ से चरखारी, महोबा ले जाया जा रहा था। हमीरपुर बाईपास के नए बेतवा पुल चंदौलीतीर गोल चक्कर के पास बोलेरो सवार चार-पांच लोगों ने ट्रक को रोक लिया। आरोपितों ने खुद को जीएसटी अधिकारी बताते हुए चालक से ५० हजार रुपये की मांग की।

आरोप है कि धमकाकर चालक की जेब में रखे ११ हजार रुपये भी छीन लिए गए। मामले की जानकारी होने पर जीएसटी विभाग के राज्यकर अधिकारी दुर्गा प्रसाद ने जांच की तो मौके पर किसी अधिकृत जीएसटी अधिकारी की चेकिंग नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू की।

जांच में ट्रक मालिक महेश पाण्डेय और चालक दिनेश सिंह की भूमिका भी सामने आई। पुलिस के मुताबिक, आरोपित फर्जी पहचान पत्रों के सहारे ट्रकों को रोककर माल स्वामियों से जीएसटी कार्रवाई के नाम पर अवैध वसूली करते थे। कोतवाली नगर पुलिस ने शनिवार को भोला यादव उर्फ सनी व अमन यादव निवासी कुशीनगर तथा महेश पाण्डेय और दिनेश सिंह निवासी लखनऊ को गिरफ्तार कर लिया। भोला और अमन के पास से फर्जी जीएसटी पहचान पत्र, मोबाइल व सिम बरामद हुए, जबकि महेश के पास से मोबाइल बरामद किया गया।

पूछताछ में पुलिस को गिरोह द्वारा बिहार सीमा क्षेत्र में ट्रकों से जुड़ी गतिविधियों और बाद में जीएसटी अधिकारी बनकर वसूली किए जाने की जानकारी मिली है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपितों ने पूर्व में कितने लोगों को इसी तरह ठगी या अवैध वसूली का शिकार बनाया है। मामले में सागर यादव और कृष्णा यादव फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। गिरफ्तार आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा