नकली सोना-चांदी के आभूषण देकर महिलाओं से ठगी का आरोप, आधा दर्जन से अधिक पीड़ित पहुंचीं थाने
सूरजपुर, 18 अगस्त (हि.स.)। सूरजपुर जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र में नकली सोना-चांदी के आभूषण बेचकर महिलाओं से ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस के लगातार जागरूकता अभियान चलाने के बावजूद ठगी का यह मामला सामने आने से गांवों में भी सतर्कता की जरूरत सामने आई है। आज मंगलवार को रामानुजनगर थाना क्षेत्र के दो से तीन गांवों की आधा दर्जन से अधिक महिलाएं थाने पहुंचीं और एक व्यक्ति पर नकली आभूषण देकर ठगी करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई।
गांव-गांव जाकर आभूषण बेचता था व्यक्ति
शिकायत के अनुसार नारायणपुर निवासी एक व्यक्ति सोना-चांदी का व्यवसाय करता है और गांव-गांव जाकर लोगों को आभूषण बेचता है। इसी दौरान क्षेत्र की कई महिलाओं ने उससे सोने और चांदी के गहने खरीदे थे। महिलाओं ने बताया कि आभूषण खरीदने के कुछ समय बाद उन्हें सामान की गुणवत्ता को लेकर संदेह हुआ। इसके बाद जब उन्होंने खरीदे गए गहनों को सुनार की दुकान पर जांच कराया तो उन्हें नकली बताया गया।
28 हजार रुपये के आभूषण खरीदे, एक सप्ताह में पायल पड़ गई काली
पीड़ित महिला सीमा कुजूर ने बताया कि, उसने चांदी की पायल और नाक का पिन खरीदा था। करीब 28 हजार रुपये की खरीदारी की गई थी। महिला के मुताबिक उसकी बहन की शादी तय होने के कारण उसने पुराने पायल और एक सोने का लॉकेट देकर नए सामान लिए थे। खरीदारी के करीब एक सप्ताह बाद चांदी का सामान काला पड़ने लगा। इसके बाद उसने आभूषणों को सूरजपुर के ज्वेलर्स के यहां जांच कराया, जहां सामान के असली नहीं होने की जानकारी दी गई।
कई महिलाओं ने थाने में की शिकायत
एक के बाद एक कई महिलाओं के सामने आने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। महिलाओं ने रामानुजनगर थाने में शिकायत देकर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। महिलाओं का आरोप है कि उन्हें असली सोना-चांदी बताकर आभूषण दिए गए, जबकि जांच कराने पर उनके नकली होने की जानकारी मिली।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार देवांगन ने बताया कि, शिकायत आई है कि सोने चांदी बेचने वालों से गांव के लोगों ने सोना चांदी के गहने खरीदे थे, बाद में पता चला कि सब सामान नकली है, इस मामले की जांच की जा रही है।
महिलाओं की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। महिलाओं द्वारा प्रस्तुत किए गए आभूषणों की भी जांच कराई जा रही है। पुलिस जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

