home page

धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, पांच आरोपित गिरफ्तार

 | 
धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, पांच आरोपित गिरफ्तार


औरैया, 28 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में धोखाधड़ी करने वाले एक शातिर गिरोह का पुलिस ने खुलासा करते हुए पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। ये लोग मेला ओर बाजार में सोने का बताकर लोगों को नकली माला बेंचकर उनसे धोखाखड़ी करते थे।

अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) आलोक मिश्रा ने शनिवार शाम ककोर मुख्यालय में पत्रकारों को बताया कि दिबियापुर थाना में दर्ज मामले का अनावरण करते हुए पुलिस ने भीम भाट, गुलशन शर्मा, पूनम, देवली शर्मा और राजवती को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से चार किलोग्राम वजन की पीली धातु, मोतियों की तीन मालाएं, पीली धातु के तार के बंडल, हुक, चिमटी, सुई-धागा, तीन मोबाइल फोन और 24,500 रुपये नकद बरामद किया है।

एएसपी ने बताया कि यह मामला 12 जनवरी को उस समय सामने आया था, जब कानपुर देहात के मंगलपुर थाना क्षेत्र के ग्राम हिसावां निवासी जितेंद्र कुमार ने शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि पांच जनवरी को कुछ लोगों ने उन्हें असली सोने का बताकर नकली माला बेच दी थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे संगठित गिरोह के रूप में काम करते थे और मेलों, गल्ला मंडियों व भीड़भाड़ वाले बाजारों में ग्रामीणों व महिलाओं को निशाना बनाते थे। गिरोह के सदस्य खुद को पुराने खजाने का मालिक बताकर लोगों को झांसे में लेते थे और नकली मालाएं बेचते थे। भरोसा दिलाने के लिए वे असली सोने का छोटा टुकड़ा दिखाकर जांच कराने की बात कहते थे, जिससे लोग उनके जाल में फंस जाते थे।

एएसपी ने बताया कि पुलिस ने 27 मार्च को अजमतपुर रोड स्थित ब्रह्मदेव मंदिर के पास से सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। बरामदगी और पूछताछ के आधार पर मामले में अन्य धाराएं भी बढ़ाई गई हैं और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार