home page

नकली सोने के पैंडल देकर 20 लाख रुपये और जेवर हड़पने वाला गिरोह के तीन बदमाश गिरफ्तार

 | 
नकली सोने के पैंडल देकर 20 लाख रुपये और जेवर हड़पने वाला गिरोह के तीन बदमाश गिरफ्तार


बरेली, 01 जुलाई (हि.स.) । जिले की थाना किला पुलिस ने बुधवार काे नकली आभूषण देकर असली जेवर और लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो पुरुष और एक महिला को गिरफ्तार किया है। गिरोह के सदस्य सुनारों को विश्वास में लेकर पहले असली आभूषणों का लेन-देन करते थे और बाद में नकली सोने की परत चढ़े आभूषण देकर लाखों रुपये व असली जेवर लेकर फरार हो जाते थे।

थाना किला क्षेत्र के जकाती मोहल्ला निवासी विपिन कुमार रस्तोगी ने पुलिस को शिकायत दी थी कि आरोपिताें ने विश्वास में लेकर उन्हें 190 ग्राम के 19 नकली सोने के पैंडल दिए और बदले में करीब 20 लाख रुपये नकद, चांदी की पायल, चेन, सोने की अंगूठियां समेत अन्य आभूषण ले लिए। मामले में थाना किला में 5 जून को मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल सीडीआर और सर्विलांस की मदद से आरोपिताें की पहचान की। जांच में भगवान सिंह नाम से दर्ज आरोपित का असली नाम राजस्थान के भरतपुर निवासी महेंद्र निकला। पुलिस टीम ने श्मशान भूमि फाटक के पास मिट्टी के टीले के पास से महेंद्र, सुरेश और महिला बब्ली उर्फ बब्बू को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे से 11 पीली धातु के पैंडल (सोने की मोहरे), चार नकली सोने के पैंडल, एक सफेद धातु की चेन, चार पीली धातु की चूड़ियां, एक अंगूठी, फर्जी आधार कार्ड, छह डायरी, तीन मोबाइल फोन और 10,550 रुपये नकद बरामद किए हैं।

एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित संगठित तरीके से ठगी की वारदातों को अंजाम देते थे। ये लोग अलग-अलग शहरों में सुनारों को अपना निशाना बनाते और पहचान छिपाने के लिए फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल करते थे। पुलिस टीम ने सर्विलांस और साक्ष्यों के आधार पर गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपिताें के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है और अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार