पुराने सोने के सिक्कों का झांसा देकर तीन लाख की ठगी, पुलिस ने शातिर अपराधी को दबोचा
बांदा, 04 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में असली और बहुमूल्य सोने के पुराने सिक्के बेचने का झांसा देकर तीन लाख रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर आरोपित को कोतवाली नगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से ठगी की पूरी रकम तीन लाख रुपये नकद और पांच नकली सिक्के बरामद किए हैं।
कोतवाल बलराम सिंह ने बताया कि जनपद हमीरपुर के थाना राठ क्षेत्र निवासी रामसिंह ने दाे अगस्त को कोतवाली नगर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसके साले के परिचित कमलेश कुमार ने पुराने और बहुमूल्य सोने के सिक्के बेचने का लालच देकर उसे झांसे में लिया। सौदा तय होने के बाद आरोपित ने असली सोने के सिक्कों की जगह नकली एवं कम कीमत वाले सिक्के देकर करीब तीन लाख रुपये की ठगी कर ली।
मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपित की तलाश शुरू कर दी। मंगलवार सुबह गश्त और चेकिंग के दौरान सूचना पर पुलिस ने मवई बाइपास से आरोपित कमलेश को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपित के पास से ठगी के तीन लाख रुपये नकद तथा पांच नकली सिक्के बरामद हुए। पूछताछ में सामने आया कि आरोपित पहले ग्राहकों को पुराने और दुर्लभ सोने के सिक्के दिखाकर उनका विश्वास जीतता था। सौदा तय होने और रकम लेने के बाद असली सिक्कों की जगह नकली अथवा कम कीमत वाले सिक्के थमा देता था।
पुलिस अब आरोपित के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि उसने इस तरीके से अन्य किन-किन लोगों को अपना शिकार बनाया है।
----------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

