नकली घी और पाम ऑयल जब्त, सरपंच चुनाव और त्योहारों पर गांवों में सप्लाई होना था
जोधपुर, 17 अक्टूबर (हि.स.)। चिकित्सा विभाग की टीम ने फलोदी में खेत में दबिश देकर 915 किलो नकली घी और पाम ऑयल जब्त किया गया है। ये नकली घी सरपंच चुनाव और त्योहारों के लिए गांवों में सप्लाई होने वाला था। टीम ने दबिश देकर सामान जब्त कर लिया। मामला तहसील के पल्ली गांव का है।
सीएमएचो डॉ.प्रताप सिंह राठौड़ ने बताया कि इलाके में नकली घी के व्यापार की सूचना मिली थी। इस पर टीम का गठन किया गया। जांच में पल्ली गांव में नकली घी बनना सामने आया। शुक्रवार रात करीब 11 बजे टीम पल्ली गांव के रुखम्मन जाट के खेत पर पहुंची। मौके पर देखा तो टीम को पालीवाल देशी घी और डेयरी बेस्ट घी के नाम से 26 टिन नकली घी और 35 टिन पाम ऑयल मिला। कुल 915 किलो नकली घी और पाम ऑयल जब्त हुआ। मौके पर गैस सिलेंडर, भट्टी, पैकिंग मशीन भी मिली। यह घी सरपंच चुनाव और त्योहारों के लिए गांवों में सप्लाई होना था। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने टिन जब्त कर जांच के लिए चार नमूने लिए। कार्रवाई रात 11 बजे से देर रात 3 बजे तक चली।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

