फर्जी सरकारी दस्तावेज बनाने वाले गिरोह पर साइबर थाना सीवान की बड़ी कार्रवाई
सीवान, 10 मई (हि.स.)।साइबर थाना सीवान की टीम ने फर्जी सरकारी दस्तावेज एवं प्रमाण पत्र बनाने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बसंतपुर थाना क्षेत्र स्थित एक डिजिटल केंद्र पर छापेमारी कर भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किया है।
इस कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।एसपी पुरन कुमार झा ने बताया 07 मई 2026 को शाम करीब 7:30 बजे साइबर क्राइम सिक्योरिटी यूनिट पटना से सूचना प्राप्त हुई थी कि आधार कार्ड एवं अन्य सरकारी दस्तावेजों को फर्जी तरीके से तैयार किया जा रहा है।
एसपी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद मामले की जांच एवं कार्रवाई के लिए विशेष टीम का गठन किया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस उपाधीक्षक साइबर क्राइम आशुतोष कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने 08 मई 2026 को बसंतपुर थाना क्षेत्र के जानकी नगर बाजार स्थित “बसंत डिजिटल केन्द्र” में छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान संचालक बसंत कुमार द्वारा फर्जी सरकारी दस्तावेज बनाने में कई गैर-सरकारी वेबसाइटों एवं इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग किए जाने का खुलासा हुआ।पुलिस ने मौके से 01 मॉनिटर, 06 लैपटॉप, 02 माउस, 02 फिंगर स्लैब डिवाइस, 02 आइरिस स्कैनर डिवाइस, 02 हार्ड डिस्क, 03 पेन ड्राइव, 01 आईक्यू मोबाइल फोन एवं 06 डेबिट कार्ड बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बसंतपुर थाना क्षेत्र के जानकी नगर निवासी बसंत कुमार, पिता सतेंद्र महतो के रूप में हुई है। इस मामले में साइबर थाना सीवान कांड संख्या-30/26 दर्ज कर अग्रिम विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।छापेमारी दल में अपर थानाध्यक्ष सुजीत कुमार चौधरी, पुलिस निरीक्षक देवानंद कुमार, पुलिस निरीक्षक सुरेंद्र कुमार यादव, सिपाही शहादत अली एवं बसंतपुर थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

