home page

पुलिस ने जाली नोट के तस्करी का किंगपिन सुशील को किया गिरफ्तार

 | 
पुलिस ने जाली नोट के तस्करी का किंगपिन सुशील को किया गिरफ्तार


पूर्वी चंपारण,24 मई (हि.स.)।पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है।टीम ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जाली नोट तस्करी गिरोह के कुख्यात सरगना सुशील तिवारी उर्फ दया तिवारी को दबोच लिया है।

पुलिस ने उक्त कारवाई मिलिट्री इंटेलिजेंस लखनऊ से मिली गुप्त सूचना के आधार पर भारत-नेपाल सीमा पर की है। जांच एजेंसी के अनुसार पकड़ा गया सुशील का नेटवर्क भारत, नेपाल और बांग्लादेश तक फैला हुआ था,यह सीमा पार से जाली नोटों की तस्करी करने वाले गिरोह का मुख्य सरगना है।

इसके संदर्भ में खुफिया इनपुट मिलने के बाद यह बीते कुछ महीने से अंडरग्राउंड रह कर गिरोह का संचालन कर रहा था।

पुलिस के साथ ही देश के कई सुरक्षा एजेंसी इसकी सरगर्मी से तलाश कर रही थी।

उल्लेखनीय है,कि इसी साल 31 जनवरी को हरैया थाना की पुलिस ने एक नेपाली नागरिक समेत कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उनके पास से करीब 25 लाख रुपये की नेपाली जाली नोट और 18,500 रुपये की भारतीय जाली नोट बरामद की गई थी। इस दौरान इन तस्करो के पास से करीब एक दर्जन मोबाइल फोन, पासपोर्ट, मोटरसाइकिल, जाली नोट बनाने में इस्तेमाल होने वाले रसायन और उपकरण भी जब्त किए गए थे।उस समय पकड़े तस्करो ने सीतामढी जिले के मेजरगंज थाना क्षेत्र के खैरवा निवासी सुशील तिवारी उर्फ का नाम लिया था,तब से वह फरार चल रहा था।

मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में सुशील तिवारी ने जाली नोट के कारोबार से जुड़े कई अहम खुलासे किए हैं। उसने अपने नेटवर्क और अन्य सहयोगियों के बारे में भी जानकारी दी है। जिसके आधार पर जांच एजेंसियां अब आगे की कार्रवाई में जुट गई हैं।

अधिकारियों का कहना है कि उसकी निशानदेही पर अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की भी संभावना है।

पुलिस अधीक्षक मोतिहारी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि सुशील उर्फ दया तिवारी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस के साथ ही कई केंद्रीय और राज्य स्तरीय एजेंसियां लगातार प्रयास कर रही थीं।अंतत: मिलिट्री इंटेलिजेंस के खुफिया इनपुट के बाद पुलिस और एसटीएफ ने उसे पकड़ लिया।

पकड़े गए तस्कर को रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की जाएगी। ताकि इस अंतरराष्ट्रीय गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और नेटवर्क का पूरी तरह खुलासा किया जा सके।ऐसे में संभावना है,कि सुशील के खुलासे के बाद गिरोह के अन्य लोगो की गिरफ्तारी होनी तय है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार