home page

बिहार के सीवान में जाली नोट का बड़ा खुलासा: महिला के घर चल रहा था 'फर्जी करेंसी फैक्ट्री', 5.45 लाख के नकली नोट जब्त

 | 
बिहार के सीवान में जाली नोट का बड़ा खुलासा: महिला के घर चल रहा था 'फर्जी करेंसी फैक्ट्री', 5.45 लाख के नकली नोट जब्त


बिहार के सीवान में जाली नोट का बड़ा खुलासा: महिला के घर चल रहा था 'फर्जी करेंसी फैक्ट्री', 5.45 लाख के नकली नोट जब्त


सीवान, 11 जुलाई (हि.स.)। बिहार में

सक्रिय पुलिसिंग के तहत सीवान पुलिस ने जाली भारतीय मुद्रा के अवैध कारोबार का बड़ा खुलासा करते हुए मैरवा थाना क्षेत्र के पंडितपुरा गांव में संचालित एक कथित 'फर्जी करेंसी फैक्ट्री' का भंडाफोड़ किया है।

पुलिस ने छापेमारी कर 5.45 लाख रुपये के जाली भारतीय नोट, 88 हजार रुपये नकद, नोट छापने में प्रयुक्त प्रिंटर मशीन तथा अन्य उपकरण बरामद किए हैं।

मामले में गिरोह की एक महिला सदस्य को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसके अन्य सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

एसपी पुरन कुमार झा ने शनिवार रात पत्रकार वार्ता में बताया कि 11 जुलाई सुबह को मैरवा थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पंडितपुरा गांव के एक घर में जाली भारतीय मुद्रा छापने और उसकी सप्लाई का अवैध कारोबार चल रहा है। सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-2 गौरी कुमारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई।

तलाशी के दौरान घर से 500, 200 और 100 रुपये मूल्यवर्ग के कुल 5 लाख 45 हजार रुपये के जाली नोट बरामद हुए। इसके अलावा 88 हजार रुपये नकद, नोट छापने वाली प्रिंटर मशीन और नकली नोट तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण भी जब्त किए गए।

उन्होंने बताया कि बरामद नोटों और अन्य सामग्री की जांच विधि विज्ञान टीम तथा लीड बैंक मैनेजर से कराई गई, जिसमें नोटों के जाली होने की पुष्टि हुई। पूछताछ में गिरफ्तार महिला ने स्वीकार किया कि वह अपने परिजनों और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर नकली भारतीय मुद्रा तैयार करने और उसकी सप्लाई करने के धंधे में शामिल थी।

पुलिस ने उसकी निशानदेही पर गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

एसपी ने बताया कि गिरफ्तार महिला का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वह रसूलपुर थाना कांड संख्या-128/18 में जाली नोट की सप्लाई के मामले में पहले भी जेल जा चुकी है। उसके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं।

इस संबंध में मैरवा थाना में विभिन्न सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma